रुड़की में दो करोड़ की हेरोइन के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

लाठरदेवा अंडरपास के पास कार से 980 ग्राम हेरोइन बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज; सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस
रुड़की (सुमित सैनी)। हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए रुड़की क्षेत्र से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की 980 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में पंजाब के तरणतारण निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान गंगनहर कोतवाली पुलिस लाठरदेवा अंडरपास के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार में बैठे युवक पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस टीम को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पन्नी में रखी 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविंदर सिंह (38) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर गंगनहर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के उद्देश्य से लाया था। पुलिस अब इस मामले में हेरोइन की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
