15 दिन बाद भी लाखों की चोरी का खुलासा नहीं, CCTV में कैद चेहरे… फिर भी चोर पुलिस की पकड़ से दूर
धनौरी में बढ़ा लोगों का आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; जल्द खुलासे की मांग तेज

धनौरी (सुमित सैनी)। धनौरी-जसवा वाला मार्ग स्थित पत्रकार विवेक सैनी के घर हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी की वारदात को 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मामले का खुलासा अब तक नहीं हो सका है। फिल्मी अंदाज में घर में घुसकर नगदी और जेवरात लेकर फरार हुए संदिग्धों के चेहरे सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से कैद होने के बावजूद पुलिस अभी तक आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। इससे क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब संदिग्धों की तस्वीरें कैमरों में साफ दिखाई दे रही हैं, तो फिर अब तक उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी। लोगों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो इससे अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।
घटना के बाद से धनौरी और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। बरसात के मौसम में सड़कों और खाली स्थानों पर उगी घनी घास एवं झाड़ियों के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय हर आहट उन्हें असुरक्षित महसूस कराती है और परिवार की सुरक्षा को लेकर लगातार डर बना हुआ है।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि चोरों की गिरफ्तारी से ही क्षेत्र में फैले भय के माहौल पर अंकुश लगेगा और लोगों का पुलिस पर भरोसा मजबूत होगा।
फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें कलियर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचेगी और इस चर्चित चोरी की वारदात का खुलासा करेगी।
