रुड़की (सुमित सैनी)। हरिद्वार विश्वविद्यालय, रुड़की में गुरुवार को आयोजित ‘भविष्य ज्योति 2026’ समारोह में विभिन्न बोर्डों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, प्रशासन एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।हरिद्वार विश्वविद्यालय के चेयरमैन एस.के. गुप्ता ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला है। विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों का सम्मान समाज को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हुए छात्र-छात्राएं भविष्य में देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर महापौर अनीता अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य के निर्माता हैं। प्रतिभाओं का सम्मान समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष नमन बंसल, डॉ. आदेश आर्य, डॉ. एकता जैन, एडमिशन मैनेजर जितेन्द्र चौधरी, रजिस्ट्रार सुमित चौहान, ओएसडी अभिनव भटनागर, डॉ. आशुतोष शुक्ला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
