हरिद्वार (सुमित सैनी)। आगामी 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद हरिद्वार में भव्य योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 बजे से आयुर्वेदिक महाविद्यालय ऋषिकुल के मैदान में योग शिविर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के आयुष मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि तथा हरिद्वार नगर निगम की मेयर किरण जैसल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पंडाल एवं बैठने की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा की जाएगी, जबकि स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था नगर निगम हरिद्वार द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा जल संस्थान हरिद्वार को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार को वीआईपी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का दायित्व एसपी सिटी को दिया गया है।
इसके अतिरिक्त परिवहन विभाग को योग शिविर में प्रतिभाग करने वाली स्कूली छात्राओं के आवागमन हेतु आवश्यक वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अनुमान है कि इस योग शिविर में लगभग एक हजार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा बेहतर समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाया जाए। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन को प्रतिभागियों के लिए योगा मैट एवं जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. स्वास्तिक जैन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
