
रुड़की (सुमित सैनी)। प्रेस क्लब रुड़की समिति कार्यालय में शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर पत्रकारों ने हिंदी पत्रकारिता के जनक पंडित जुगल किशोर शुक्ल को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की आवाज, लोकतंत्र की शक्ति और जनमानस की अभिव्यक्ति है। उन्होंने बताया कि 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने प्रथम हिंदी समाचार पत्र “उदन्त मार्तण्ड” का प्रकाशन कर हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी थी।

पूर्व अध्यक्ष बबलू सैनी ने कहा कि पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण और जोखिमभरा कार्य है। बदलते समय के साथ मीडिया के स्वरूप में व्यापक परिवर्तन आया है, लेकिन पत्रकारिता की गरिमा और जिम्मेदारियों को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और उद्देश्यों को आत्मसात करने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता, सत्यता और जनहित के मूल्यों का पालन करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन करते हुए महासचिव अश्वनी उपाध्याय ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता से जुड़े लोगों को उसके मूल उद्देश्यों को समझते हुए कार्य करना चाहिए, ताकि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की विश्वसनीयता बनी रहे।इस दौरान अन्य वक्ताओं ने भी पत्रकारिता की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने पंडित जुगल किशोर शुक्ल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं गीतकार नफीसुल हसन द्वारा प्रस्तुत पत्रकारिता दिवस विशेष गीत को भी सभी ने सराहा।

कार्यक्रम में अध्यक्ष दीपक मिश्रा, महासचिव अश्वनी उपाध्याय, उपाध्यक्ष रियाज कुरेशी, सचिव नितिन कुमार, कोषाध्यक्ष विनीत त्यागी, पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा, बबलू सैनी, योगराज पाल, शशांक सिंघल, राहुल सक्सेना, संदीप पोहियाल, सुनील पटेल, अभिषेक शर्मा, अमित सैनी, मिक्की जैदी, रवि सक्सेना, अनिल त्यागी, टीना शर्मा, अनिल सैनी, साजिद, राव सरवर, आदित्य चौधरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
