
रुड़की।
प्रेस क्लब रुड़की समिति कार्यालय में शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर पत्रकारों ने हिंदी पत्रकारिता के जनक पंडित जुगल किशोर शुक्ल को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की आवाज, लोकतंत्र की ताकत और जनमानस की अभिव्यक्ति है। उन्होंने बताया कि 30 मई 1826 को पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने हिंदी के प्रथम समाचार पत्र “उदन्त मार्तण्ड” का प्रकाशन कर हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी थी।

पूर्व अध्यक्ष बबलू सैनी ने कहा कि पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण और जोखिमभरा कार्य है। बदलते समय के साथ पत्रकारिता के स्वरूप में बड़े बदलाव आए हैं, लेकिन मीडिया को अपनी जिम्मेदारियों और गरिमा को बनाए रखना चाहिए। वहीं पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाने के साथ-साथ पत्रकारों को इसके मूल सिद्धांतों और उद्देश्यों को भी आत्मसात करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन करते हुए महासचिव अश्वनी उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता से जुड़े लोगों को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करनी चाहिए।

इस दौरान अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पत्रकारिता की महती भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में गीतकार नफीसुल हसन ने हिंदी पत्रकारिता दिवस पर एक प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया, जिसकी सभी उपस्थित पत्रकारों ने सराहना की। कार्यक्रम में अध्यक्ष दीपक मिश्रा, महासचिव अश्वनी उपाध्याय, उपाध्यक्ष रियाज कुरेशी, सचिव नितिन कुमार, कोषाध्यक्ष विनीत त्यागी, पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा, बबलू सैनी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
