भगवानपुर (सुमित सैनी)! ग्रामीण विकास और जनसेवा के प्रति समर्पण का एक और उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद ग्राम हकीमपुर तुर्रा पहुंचीं। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इसके बाद सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने ग्राम हकीमपुर तुर्रा एवं अनुसूचित बाहुल्य ग्राम हलजोरा मजरा-इब्राहिमपुर मसाही, विकासखंड भगवानपुर में सांसद निधि से निर्मित श्मशान घाट की छतरी निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जिन गांवों में श्मशान घाटों पर छतरी की सुविधा नहीं थी, वहां सांसद निधि से निर्माण कार्य कराए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को कठिन समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि गांवों में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। सबसे खास बात यह रही कि अस्वस्थ होने के बावजूद सांसद ग्रामीणों के बीच पहुंचीं और लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने श्मशान घाट में कराए गए निर्माण कार्यों के लिए सांसद डॉ. कल्पना सैनी का आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया। इस मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
