
भगवानपुर। थाना भगवानपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। जानकारी के अनुसार बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला था। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और प्रथम दृष्टया मामला पीट-पीटकर हत्या का प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलने पर थाना भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की मोर्चरी भेजा गया।

जांच के दौरान मृतक की पहचान कलीम पुत्र मुरादु निवासी ग्राम बचीटी, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास जांच का दायरा बढ़ाया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि घटना वाली रात क्षेत्र में एक काली क्रेटा कार संदिग्ध हालत में देखी गई थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से पुलिस धरोहर होटल तक पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक कलीम और उसका भाई कामिल काम की तलाश में भगवानपुर आए थे। रात में दोनों खाना खाने के लिए धरोहर होटल पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर होटल संचालकों और उनके साथियों के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान कामिल मौका पाकर वहां से भाग निकला, जबकि कलीम को आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मारपीट के दौरान कलीम की मौत हो गई थी। इसके बाद शव को क्रेटा कार की डिग्गी में डालकर लव्वा गांव के पास नदी किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरभ चौहान निवासी खुब्बनपुर, अंकित कुमार निवासी खुब्बनपुर, हर्ष चौहान निवासी खुब्बनपुर, अनमोल सैनी निवासी सलेमपुर राजपुताना और विशाल सैनी निवासी सोना सईद माजरा को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पढ़े-लिखे हैं और इनमें कुछ ने बीटेक व बी-फार्मा जैसे प्रोफेशनल कोर्स भी किए हुए हैं। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
