
कलियर (अनुज कुमार)। पिरान कलियर क्षेत्र के भगवानपुर बायपास रोड से माजरी गांव को जोड़ने वाली सड़क विद्युत विभाग की कार्यवाही के बाद बदहाल हो गई है। आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा सड़क को उखाड़ने के बाद अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को सड़क की स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। सड़क के किनारों को भी खोद दिया गया है, जिसके कारण मार्ग बेहद खतरनाक हो चुका है।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब इस रास्ते से खनन सामग्री से भरे ओवरलोड डंपर गुजरने लगे। ग्रामीणों के अनुसार कई बार किसान हादसों का शिकार होते-होते बचे हैं। हाल ही में एक किसान का ट्रैक्टर सड़क पर असंतुलित होकर पलट गया, हालांकि किसान बाल-बाल बच गया। इस घटना की सूचना भी विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन विभागीय कर्मचारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।

ग्रामीणों में विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो विद्युत विभाग और क्षेत्रीय अधिकारियों के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सड़क को दुरुस्त कराने और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
