
टिहरी गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान टिहरी पुलिस लगातार अलर्ट मोड में नजर आ रही है। रविवार को जनपद क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पुलिस ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर बड़ी जनहानि टाल दी।
पहली दुर्घटना मालाकुंटी ब्रिज के पास हुई, जहां इनोवा कार संख्या UK14TA-8619 और मोटरसाइकिल संख्या DL5SDP-8464 के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार कुणाल और अनुज निवासी दिल्ली घायल हो गए। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक कमल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी घटना में बद्रीनाथ धाम से 25 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश लौट रही बस संख्या UK14PA-0605 कलथ्री डंपिंग पॉइंट के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में 07 यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया। अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं, जिन्हें वैकल्पिक वाहन से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
दोनों घटनाओं में टिहरी पुलिस ने तत्परता, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राहत एवं बचाव कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

