अमृत लॉ कॉलेज हादसे में घायल पीएसी जवान की उपचार के दौरान मौत
भवन का हिस्सा गिरने से मलबे में दबे थे कांस्टेबल कासिम आदिल अहमद, एम्स ऋषिकेश में तोड़ा दम
धनौरी (सुमित सैनी)। धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिरने से हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल पीएसी जवान की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जवान के निधन की खबर से पुलिस और पीएसी विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, हादसे के समय अमृत लॉ कॉलेज परिसर में पीएसी की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। सोमवार को भवन के बाथरूम की ओर स्थित हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। इसकी चपेट में आने से एक पीएसी जवान मलबे में दब गया। भवन गिरने की तेज आवाज से परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पिरान कलियर के प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत एवं बचाव दल ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे में दबे जवान को बाहर निकाला। गंभीर हालत में जवान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।घायल जवान की पहचान कांस्टेबल कासिम आदिल अहमद पुत्र वकील अहमद, निवासी नैटौर, तहसील नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उनकी पत्नी का नाम जीनत बानो बताया गया है। प्रारंभिक उपचार के बाद जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
हादसे की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और भवन के गिरने के कारणों की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। साथ ही घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पीएसी जवान की मौत की खबर से विभाग में शोक की लहर।
