धनौरी में अमृत लॉ कॉलेज का हिस्सा भर भराकर गिरा, मलबे में दबा PAC जवान हादसे के समय कॉलेज परिसर में ठहरी थी PAC की एक प्लाटून, राहत-बचाव के बाद जवान को अस्पताल भेजा गया
हरिद्वार (सुमित सैनी)। धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कॉलेज परिसर में प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। भवन के बाथरूम की ओर स्थित हिस्सा अचानक ढहने से एक PAC जवान मलबे की चपेट में आकर दब गया। भवन का हिस्सा गिरने की तेज आवाज सुनते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाने का अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे PAC जवान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जवान को तत्काल उपचार के लिए भूमानंद अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जवान की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर, ऋषिकेश रेफर कर दिया। जवान को समय रहते मलबे से बाहर निकाल लिए जाने के बाद राहत की सांस ली गई।
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और भवन के क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल भवन का हिस्सा अचानक गिरने के पीछे वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भवन का हिस्सा अचानक क्यों गिरा और इसके पीछे भवन की जर्जर स्थिति, निर्माण संबंधी खामी या कोई अन्य कारण जिम्मेदार था। घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल राहत एवं बचाव टीम की तत्परता से मलबे में दबे PAC जवान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारण सामने आने की उम्मीद है।
