धनौरी-भगवानपुर मार्ग पर सड़क मरम्मत कार्य तेज, गड्ढामुक्त अभियान का दिखने लगा असर
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर पेंचवर्क और डामरीकरण का काम युद्धस्तर पर जारी, 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य
रुड़की (सुमित सैनी)। जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा दिए गए निर्देशों का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में धनौरी से भगवानपुर मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत, पेंचवर्क और डामरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।अधिशासी अभियंता सोनू कुमार त्यागी एवं अपर सहायक अभियंता अरविंद सिंह रावत ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में क्षेत्र की क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लगातार मौके पर निरीक्षण भी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य को पूरा किया जाए।
धनौरी-भगवानपुर मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क के गड्ढामुक्त होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और सड़क पर गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में जनपद हरिद्वार में संबंधित विभागों द्वारा सड़क मरम्मत, पेंचवर्क और डामरीकरण के कार्य को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है।
