शहीदों की स्मृति में 11-12 अक्टूबर को होगा कबड्डी टूर्नामेंट, खिलाड़ियों को मिलेंगे नकद पुरस्कार
इमलीखेड़ा (सुमित सैनी)। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और शहीदों की स्मृति को सम्मान देने के उद्देश्य से शहीद सोनित एवं विकास सैनी मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर सोमवार को रोमा सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा भाजपा उत्तराखंड के कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन 11 एवं 12 अक्टूबर को फिनिक्स विश्वविद्यालय, नगर पंचायत इमलीखेड़ा, विधानसभा पिरान कलियर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के किसी भी जिले से खिलाड़ी और टीमें प्रतिभाग कर सकती हैं। इच्छुक खिलाड़ी एवं टीमें पंजीकरण कराकर प्रतियोगिता में शामिल हो सकती हैं।आयोजकों के अनुसार खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹11,000 नकद तथा द्वितीय पुरस्कार ₹5,100 नकद रखा गया है। इसके साथ विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र और प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना तथा शहीद विकास सैनी की स्मृति को सम्मानपूर्वक जीवंत रखना है।प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में 11 अक्टूबर को उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वहीं 12 अक्टूबर को समापन समारोह में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान चैंपियन सूरज रोड, आयुष सैनी, कनिका सैनी सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बृजपाल धीमान, राम गोपाल कंसल, संजय प्रजापति, देशीपाल रोड, अशोक सैनी, संजय सैनी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और शहीद विकास सैनी की स्मृति को नमन करने की अपील की।
