देहरादून (सुमित सैनी)।मंगलवार को गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का रिमोट बटन दबाकर लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को बैसाखी और बिहू की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कॉरिडोर चारधाम यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगा। उन्होंने उत्तराखण्ड की प्रगति को “डबल इंजन सरकार” का परिणाम बताते हुए कहा कि राज्य अब तेजी से विकास की राह पर अग्रसर है।

उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए सामाजिक न्याय, समान नागरिक संहिता और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही बताया कि देश में इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश अब 12 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे यात्रा समय कम करेगा, ईंधन की बचत करेगा और किसानों को अपने उत्पाद तेजी से बाजार तक पहुंचाने में मदद करेगा। उन्होंने उत्तराखण्ड में बढ़ते पर्यटन, विंटर टूरिज्म और सांस्कृतिक आयोजनों जैसे कुंभ मेला और नंदा देवी राजजात का भी उल्लेख किया।

अपने संबोधन में उन्होंने स्वच्छता पर जोर देते हुए देवभूमि को साफ-सुथरा रखने की अपील की और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जल्द लागू करने की बात कही।
