
रुड़की(सुमित सैनी): उत्तरांचल पंजाबी महासभा की महानगर महिला अध्यक्ष पूजा नंदा द्वारा दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्रा हार्दिका बेदी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एक सादगीपूर्ण किन्तु गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पूजा नंदा ने पंकज नंदा, परीक्षित सचदेव एवं समीर गांधी के साथ इंद्रपाल बेदी के निवास पर पहुंचकर हार्दिका बेदी को अंगवस्त्र पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने हार्दिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे समाज के लिए गर्व का विषय बताया।
इस दौरान भाजपा नेता पंकज नंदा, महासभा के उपाध्यक्ष परीक्षित सचदेव एवं समीर गांधी ने भी हार्दिका को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हार्दिका बेदी की माता गीता बेदी, पिता इंद्रपाल बेदी और भाई अर्जुन बेदी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अपनी पुत्री की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग का परिणाम है।
सम्मान समारोह के दौरान हार्दिका बेदी ने सभी का धन्यवाद करते हुए अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने हार्दिका को भविष्य में और अधिक सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
