लक्सर (सुमित सैनी)। लक्सर क्षेत्र में संचालित 1962 मोबाइल वेटरिनरी यूनिट (MVU) इन दिनों गाँव-गाँव पहुँचकर पशुओं में फैलने वाली गंभीर संक्रामक बीमारी खुरपका-मुंहपका (FMD) के खिलाफ व्यापक टीकाकरण अभियान चला रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुधन को सुरक्षित रखना और पशुपालकों को जागरूक बनाना है।
एमवीयू टीम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न गाँवों में जाकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कर रही है। इसके साथ ही पशुपालकों को बीमारी के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जो पशुओं की उत्पादकता को प्रभावित कर भारी आर्थिक नुकसान का कारण बनता है। ऐसे में समय पर टीकाकरण ही इसका सबसे प्रभावी बचाव है। पशुपालन विभाग की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ रही है और पशुपालक अपने पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग हो रहे हैं। ग्रामीणों ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए इसे पशुधन संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ और अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएँ।
👉 इस दौरान टीकाकरण अभियान में डॉ. राजीव कुमार, डॉ. शिव प्रसाद चौधरी, जयवीर सिंह (पशुधन सहायक), सरफराज, पशु सखी रोशन देवी एवं एम्बुलेंस चालक विशाल कुमार सहित अन्य टीम सदस्य उपस्थित रहे।
