कलियर (सुमित सैनी)।हरिद्वार जनपद के कलियर क्षेत्र के धनौरा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गुलदार (तेंदुआ) अचानक एक घर के अंदर घुस गया। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय गांव के एक परिवार के घर में अचानक गुलदार घुस आया। घर में मौजूद लोगों ने जैसे ही उसे देखा, चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वह गुलदार के पास जा सके।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। टीम ने सतर्कता बरतते हुए घर को चारों ओर से घेर लिया, ताकि गुलदार बाहर निकलकर किसी पर हमला न कर सके। काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में करने के प्रयास शुरू किए गए। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

