हरिद्वार (सुमित सैनी)। रामराज ग्रामाद्योग सेवा संस्थान, हरिद्वार द्वारा संचालित “देवस्य अभिलाषा” वरिष्ठ नागरिक गृह, रावली महदूद में वृद्धजनों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। वृद्धकेयर, नई दिल्ली के प्रयासों से मुथूट फाइनेन्स कंपनी द्वारा फिजियोथेरेपी के लिए अत्याधुनिक उपकरण एवं सामग्री उपलब्ध कराई गई।
उपलब्ध कराए गए उपकरणों में ट्रीटमेंट टेबल, ट्रैक्शन टेबल, ट्रैक्शन मशीन, रशियन करंट मशीन, हीटिंग पैड, अल्ट्रासोनिक मशीन, शोल्डर व्हील, शोल्डर पुली, एंकल-फिंगर एक्सरसाइज उपकरण, जिम बॉल, योगा मैट, आइस पैड एवं जैल आदि शामिल हैं। इन सुविधाओं से सुसज्जित नए फिजियोथेरेपी केंद्र का उद्घाटन मुथूट फाइनेन्स कंपनी, ज्वालापुर ब्रांच से आए कार्तिक बाटला एवं अशोक कुमार द्वारा रिबन काटकर किया गया।

इस अवसर पर कंपनी के एरिया मैनेजर राकेश सॉनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े। कार्तिक बाटला ने बताया कि उनकी कंपनी सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत समय-समय पर सामाजिक कार्यों में योगदान देती रहती है।संस्थान की सचिव श्रीमती संजू ने कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन आधुनिक फिजियोथेरेपी उपकरणों से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा और उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार आएगा।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए मुथूट फाइनेन्स कंपनी का धन्यवाद किया। इस मौके पर संस्थान के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर सी.पी. शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, शिवानी, नेहा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
