खेल महाकुंभ में कौशिक पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, कई खिलाड़ियों का राज्य स्तर के लिए चयन
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और विधायक आदेश चौहान ने विजेता छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी, मेडल व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
हरिद्वार (सुमित सैनी)। वंदना कटारिया खेल मैदान, रोशनाबाद में 25 से 26 सितंबर तक आयोजित दो दिवसीय ‘सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी-खेल महाकुंभ 2026’ में कौशिक पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कई खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में रानीपुर विधायक आदेश चौहान मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की।
एथलेटिक्स में कुनाल और काजल ने दिखाया दम
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में कौशिक पब्लिक स्कूल के छात्र कुनाल आनन्द ने 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। इसके अलावा उन्होंने 80 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता।बालिका वर्ग में काजल सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया और राज्य स्तर के लिए अपना स्थान पक्का किया। वहीं 3000 मीटर दौड़ में उन्होंने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
मुक्केबाजी में कृष्णा और अंश का शानदार प्रदर्शन
मुक्केबाजी स्पर्धाओं में भी कौशिक पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने प्रभावी प्रदर्शन किया। कृष्णा सैनी और अंश पाल ने अपने-अपने भार वर्ग में शानदार जीत दर्ज की। दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
खो-खो में टीम बनी उपविजेता
खो-खो प्रतियोगिता में स्कूल के छात्र चिराग सैनी, वंश सैनी और युवराज यादव ने टीम के साथ शानदार तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया और दूसरा स्थान प्राप्त किया।वहीं बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में स्कूल की छात्रा इशिका ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
समारोह में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और विधायक आदेश चौहान ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि कौशिक पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने राज्य स्तर के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने भी सभी विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
