राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों को नशामुक्ति, खेल एवं समाजसेवा के लिए किया प्रेरित
धनौरी पी.जी. कॉलेज में एनएसएस दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, नशामुक्ति की दिलाई शपथ
धनौरी (सुमित सैनी)। धनौरी पी.जी. कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) यूनिट के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, एनएसएस इकाई के सदस्य, आचार्यगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं गीतों के साथ हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, समाजसेवा में युवाओं की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहते हुए सकारात्मक दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति एवं एंटी-ड्रग्स अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे और ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर श्री राहुल सैनी ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी व्याख्यान देते हुए खेल, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंकुर नेहरा ने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मीनाक्षी सैनी का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान एनएसएस इकाई के सदस्य डॉ. किरण, डॉ. गौरव कुमार मिश्रा, डॉ. आनंद शर्मा एवं डॉ. राहुल देओल सहित अन्य आचार्यगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन जीने, खेलों में भाग लेने तथा समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन एनएसएस यूनिट, धनौरी पी.जी. कॉलेज के तत्वावधान में किया गया।
