सर्व पितृ मोक्ष प्राप्ति 108 कुण्डीय महायज्ञ एवं सम्मान समारोह का आयोजन
हरिद्वार (सुमित सैनी)। राष्ट्रीय सनातनी संगठन ट्रस्ट द्वारा सर्व पितृ मोक्ष प्राप्ति के उद्देश्य से 108 कुण्डीय महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को आयोजन में शामिल होने के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पत्रकारों को निमंत्रण दिया गया।
आयोजन के संबंध में राष्ट्रीय सनातनी संगठन ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी, महदूद के प्रधान प्रमोद पाल, मनोज धनकर तथा तेलूराम सहित अनेक गणमान्य लोगों से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 108 कुण्डीय महायज्ञ के साथ श्रीमद् भागवत कथा का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान हरिद्वार जिले के संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों एवं पत्रकार बंधुओं का सम्मान समारोह आयोजित किए जाने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करना है। सम्मान समारोह के माध्यम से क्षेत्र के छोटे-बड़े जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकारों को सम्मानित करने का प्रयास किया जाएगा।आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की।
