राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया सामाजिक सेवा का संकल्प
हद्दीपुर (सुमित सैनी)। डॉ. रतन लाल हिमालयन डिग्री कॉलेज, हद्दीपुर, हरिद्वार में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के NSS स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक सेवा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंतर्गत NSS स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाकर महाविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की। स्वयंसेवकों ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक भी किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. गौरव रतन शर्मा एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज से जोड़ने तथा उनमें सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में फौजिया चौधरी (NSS प्रकोष्ठ अधिकारी), अमित राधे, अंकित सैनी, मोहित शर्मा, संगीदा चंद्रा, सानिया, अन्नू, प्राची और अर्चना सहित महाविद्यालय के NSS स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी NSS स्वयंसेवकों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
