रोशनाबाद स्टेडियम में रग्बी ग्राउंड की सुविधाओं को लेकर खेल सचिव से मिले आयुष सैनी रग्बी खिलाड़ियों के लिए बेहतर मैदान, नियमित रखरखाव और आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराने पर हुई चर्चा
देहरादून (सुमित सैनी)। उत्तराखंड में रग्बी खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव आयुष सैनी ने प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा एवं अपर निदेशक खेल उत्तराखंड अजय कुमार अग्रवाल से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रदेश में रग्बी खेल के विकास, सभी जिलों में रग्बी को बढ़ावा देने तथा हरिद्वार के रोशनाबाद स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए प्रॉपर रग्बी ग्राउंड तैयार कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
आयुष सैनी ने अधिकारियों के समक्ष रोशनाबाद स्टेडियम में रग्बी खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास से जुड़ी आवश्यकताओं को रखा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में रग्बी खिलाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को सुरक्षित और रग्बी के अनुरूप बेहतर अभ्यास मैदान उपलब्ध कराना जरूरी है।बैठक में रोशनाबाद स्टेडियम के मैदान की घास कटिंग, नियमित रखरखाव तथा घास काटने वाली मशीन सहित आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा हुई। आयुष सैनी ने कहा कि मैदान को रग्बी खेल के अनुरूप व्यवस्थित कर नियमित रखरखाव किया जाए तो खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा एवं अपर निदेशक खेल अजय कुमार अग्रवाल ने रग्बी खेल के विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा की तथा रोशनाबाद स्टेडियम में आवश्यक सुविधाओं और कमियों को दूर करने की दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया।इस दौरान उत्तराखंड के सभी जिलों में रग्बी को बढ़ावा देने, अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इस खेल से जोड़ने तथा ग्रामीण क्षेत्रों एवं विद्यालयों तक रग्बी की पहुंच बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। आयुष सैनी ने कहा कि उत्तराखंड में रग्बी तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रदेश के अलग-अलग जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि रोशनाबाद स्टेडियम में बेहतर रग्बी ग्राउंड तैयार होने से हरिद्वार के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड के रग्बी खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा। आयुष सैनी ने प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा एवं अपर निदेशक खेल अजय कुमार अग्रवाल का रग्बी खेल और खिलाड़ियों के विकास को लेकर सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन का प्रयास है कि रग्बी को गांव-गांव और विद्यालयों तक पहुंचाया जाए तथा प्रदेश के हर प्रतिभावान खिलाड़ी को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
“बेहतर मैदान, बेहतर प्रशिक्षण और बेहतर अवसर—उत्तराखंड में रग्बी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी।”
