मुख्यमंत्री से संवाद कर लवप्रीत कौर ने बढ़ाया कौशिक पब्लिक स्कूल का गौरव
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में चयन, मुख्यमंत्री आवास में हुआ सम्मान
हरिद्वार/इमलीखेड़ा (सुमित सैनी)। कौशिक पब्लिक स्कूल, इमलीखेड़ा की कक्षा 11 की छात्रा लवप्रीत कौर ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और लेखन कौशल से विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। राज्य स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता में ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर लिखे गए उनके प्रभावशाली निबंध का चयन ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के लिए किया गया।प्रदेशभर से प्राप्त प्रविष्टियों में लवप्रीत कौर के निबंध का चयन हुआ। अपने निबंध में उन्होंने उत्तराखंड के विकास, युवाओं की भूमिका तथा प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अपने विचारों को रचनात्मक और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
18 सितंबर 2026 को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित ‘मुख्यमंत्री संवाद’ कार्यक्रम में लवप्रीत कौर को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संवाद किया और उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री से सीधे संवाद और सम्मान प्राप्त करना छात्रा के लिए यादगार अनुभव रहा।
विद्यालय के संस्थापक मुकेश कौशिक ने कहा कि लवप्रीत कौर की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और विचारों को सामने रखने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। लवप्रीत की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।प्रधानाचार्य अरुण कर्णवाल ने कहा कि लवप्रीत ने अपनी मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच के बल पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री के साथ संवाद करने का अवसर उसके लिए महत्वपूर्ण अनुभव है, जो उसके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा।
लवप्रीत कौर की इस उपलब्धि से कौशिक पब्लिक स्कूल, इमलीखेड़ा में खुशी और उत्साह का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने छात्रा को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विद्यालय परिवार ने कहा कि लवप्रीत कौर की उपलब्धि शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों की निरंतर सफलता को दर्शाती है और यह विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
