प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कलगीधर गुरुद्वारे में रक्तदान शिविर
भाजपा जिला रुड़की के सेवा अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
रुड़की, (सुमित सैनी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की की ओर से रामनगर स्थित कलगीधर गुरुद्वारे में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया और सेवा एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े इस अभियान में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा तथा भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि रक्तदान महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। किसी भी व्यक्ति को आवश्यकता के समय रक्त की जरूरत पड़ सकती है और समय पर रक्त उपलब्ध होने से जरूरतमंद मरीज की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने स्वस्थ एवं सक्षम लोगों से नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और समाज में इस तरह के सेवा कार्यों को बढ़ावा देने की अपील की।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में काम आ सकता है। उन्होंने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सेवा और समर्पण की भावना से किए जाने वाले ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी की ओर से सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रक्तदान शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना है। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, जिला महामंत्री सागर गोयल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक विभोर सेठी, जिला उपाध्यक्ष संजय अरोरा, भीम सिंह, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, गुरजिंदर सिंह, विनय शर्मा, ध्रुव गुप्ता, मुकुल त्यागी, आर्यन त्यागी, रौनक चौधरी, कुशाग्र गर्ग सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
