मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का कारोबार, कलियर पुलिस-STF ने दो तस्करों को दबोचा मूल पैकिंग और लेबल हटाकर बेचते थे नशीले कैप्सूल, 1150 ट्रामाडोल कैप्सूल व 10 कोडीन कफ सिरप बरामद
कलियर (सुमित सैनी)। पिरान कलियर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से नशीली दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ कलियर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मोनी मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 1150 अवैध/अनलेबल्ड Puroxiwin Spas कैप्सूल तथा 10 कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 को एसटीएफ निरीक्षक भवानी शंकर पंत को सूचना मिली थी कि पिरान कलियर क्षेत्र में स्थित मोनी मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना पर एसटीएफ ने ड्रग इंस्पेक्टरों के साथ संयुक्त टीम गठित की। इसके बाद टीम कलियर पुलिस को साथ लेकर सावरी नावेद टी स्टॉल के सामने स्थित मोनी मेडिकल स्टोर पहुंची। संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान काउंटर के ऊपरी रैक से Codectus TR कोडीन कफ सिरप की 10 शीशियां बरामद हुईं। इसके अलावा पारदर्शी और सिल्वर पैकिंग में रखे Puroxiwin Spas के कुल 1150 कैप्सूल बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने कैप्सूल को ट्रामाडोल कैप्सूल बताया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे कैप्सूल की मूल पैकिंग और लेबल हटाकर उन्हें लूज में बेचते थे, ताकि पकड़े जाने से बच सकें। आरोपियों के पास इन दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई अभिलेख अथवा मौके पर चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन भी नहीं मिला।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशीले कैप्सूल और कोडीन सिरप को नशे के आदी लोगों को कथित तौर पर मोटे मुनाफे पर बेचते थे। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुर्बान अली पुत्र अब्दुल माजिद, निवासी महमूदपुर, कोतवाली पिरान कलियर, उम्र 40 वर्ष तथा आदिल पुत्र जिन्दा हसन, निवासी मुकरपुर, कोतवाली पिरान कलियर, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 212/2026, धारा 8/22/29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
संयुक्त कार्रवाई में यह टीम रही शामिल
कार्रवाई में एसटीएफ देहरादून के निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल रवि पंत, कलियर थाने के एएसआई रामअवतार, हेड कांस्टेबल इसरार, हेड कांस्टेबल माजिद तथा ड्रग इंस्पेक्टर विनोद जगुड़ी और हरिद्वार के ड्रग इंस्पेक्टर हरीश सिंह शामिल रहे।
