स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक
हरिद्वार, (सोनिया)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडारोहण से पूर्व वंदे मातरम् का गायन, इसके बाद ध्वजारोहण तथा ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान किया जाएगा। जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण होगा, जबकि जिला कार्यालय परिसर में प्रातः 9:30 बजे मुख्य अतिथि/जनपद प्रभारी मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

शिक्षण संस्थानों में प्रातः 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके साथ ही खेलकूद, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, निबंध लेखन प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिलाधिकारी ने 14 अगस्त की रात्रि से सभी सरकारी भवनों एवं महत्वपूर्ण इमारतों को कम वोल्टेज वाले एलईडी बल्बों से प्रकाशमान करने के निर्देश दिए। वहीं 14 अगस्त को शाम 6 से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह 6 से 11 बजे तक जनपद के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग एवं रेड क्रॉस के माध्यम से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के लिए उपजिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। खेल विभाग द्वारा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को स्मारकों, प्रतिमाओं तथा महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ मेले के बाद विशेष स्वच्छता अभियान
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले के सफल आयोजन के बाद जनपद में फैले कूड़ा-कचरे की सफाई के लिए 12 अगस्त से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान में पूर्ण सहयोग करने तथा आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडलों को भी अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने 15 अगस्त को सभी कार्यालयाध्यक्षों को कार्यालय परिसरों एवं सरकारी परिसंपत्तियों में वृहद वृक्षारोपण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीते घिल्डियाल, सीओ सदर एसपी बलूनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
