लक्सर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 कुंतल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त कर कराए नष्ट खाद्य कारोबारी का लाइसेंस तत्काल निरस्त, 74 नमूनों की जांच में 9 अधोमानक पाए गए

हरिद्वार (सुमित सैनी)। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार लगातार सघन निरीक्षण अभियान चला रहा है। इसी क्रम में लक्सर क्षेत्र में विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2 कुंतल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिए। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कोतवाली लक्सर तिराहा, बसेड़ी के पास स्थित एक प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। यहां से नूडल्स, सॉस, खाद्य तेल, स्नैक्स, पानी की बोतल, कोल्ड ड्रिंक्स, बेसन, चायपत्ती और सोयाबड़ी सहित करीब 2 कुंतल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ बरामद किए गए। सोयाबड़ी का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया, जबकि सभी एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को नगर पालिका परिषद लक्सर के सहयोग से डंपिंग ग्राउंड, सिमली में गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया गया।

विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। साथ ही एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के संग्रहण एवं विक्रय के मामले में उसके विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति भी की गई है।दूसरी ओर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा एवं सचल खाद्य विश्लेषणशाला की टीम ने रानीपुर मोड़ से ज्वालापुर तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 74 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई, जिनमें 9 नमूने अधोमानक पाए गए। संबंधित कारोबारियों द्वारा इन खाद्य पदार्थों को तत्काल नष्ट कराया गया। साथ ही 3 प्रतिष्ठानों को खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित न करने एवं मानकों का पालन न करने पर नोटिस जारी किए गए।

सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी ने बताया कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान जनपदभर में विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। एक्सपायरी एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों के संग्रहण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
