शिवभक्तों की सेवा में आगे आया प्रेस क्लब रुड़की, भव्य कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट और एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने किया उद्घाटन, शिवभक्तों को भोजन, पेयजल, चिकित्सा और विश्राम की मिलेगी सुविधा।

रुड़की (सुमित सैनी)। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के लिए प्रेस क्लब रुड़की समिति द्वारा शनिवार को भव्य कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट एवं एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया और शिवभक्तों को हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि कांवड़ यात्रा सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे सेवा शिविर हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने शिविर संचालकों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने बताया कि शिविर में शिवभक्तों के लिए भोजन, शीतल पेयजल, प्राथमिक उपचार, विश्राम सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक प्रेस क्लब का प्रत्येक सदस्य पूरी निष्ठा और सेवा भावना के साथ शिवभक्तों की सेवा में जुटा रहेगा।
महासचिव अश्विनी उपाध्याय ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेस क्लब भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
इस अवसर पर टीना शर्मा, सुभाष सक्सेना, रियाज कुरैशी, नितिन कुमार, विनीत त्यागी, दीपक अरोड़ा, अंकित त्यागी, दीपक शर्मा, योगराज पाल, संदीप पोहिवाल, तोशी भाई, अनुप सैनी, अभिषेक शर्मा, गौरव वत्स, सुनील पटेल, शुभम, अरुण कुमार, मिक्की जैदी, अनिल सैनी, बबलू सैनी, महेश्वर सिंह, अमित सैनी, आसिफ खान, अभिषेक सैनी, सुमित सैनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नफीसुल हसन ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना दिया।
