धनौरी में बिजली चोरों पर बड़ी कार्रवाई, 22 घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी
हजारा ग्रंट और खाला टीरा गांव में ऊर्जा निगम-विजिलेंस की संयुक्त छापेमारी, बिजली चोरी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी

धनौरी (सुमित सैनी)! धनौरी क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम और विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारा ग्रंट और खाला टीरा गांव में संयुक्त छापेमारी की। अभियान के दौरान 22 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। कार्रवाई से दोनों गांवों में हड़कंप मच गया।
एसडीओ अश्विनी कुमार के नेतृत्व में चली इस संयुक्त कार्रवाई में टीम ने शिकायतों के आधार पर दोनों गांवों में अचानक छापा मारा। जांच के दौरान कई उपभोक्ता मीटर से पहले अवैध कट लगाकर बिजली का उपयोग करते मिले, जबकि कुछ लोगों द्वारा एलटी लाइन पर कटिया डालकर बिजली चोरी किए जाने का मामला भी सामने आया।
छापेमारी की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने अपने घरों से अवैध केबल हटाकर फेंकने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए 22 मामलों में बिजली चोरी की पुष्टि की और अवैध केबल जब्त कर लिए।

ऊर्जा निगम अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ बिजली चोरी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते विशेष अभियान चलाया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही उपभोक्ताओं से वैध बिजली कनेक्शन लेकर ही विद्युत उपयोग करने की अपील की गई।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी:
विजिलेंस इंस्पेक्टर मारूत शाह, इंस्पेक्टर सरीता भट्ट, एसआई संजीव त्यागी, एसडीओ अश्विनी कुमार, जेई योगेन्द्र रावत सहित ऊर्जा निगम एवं विजिलेंस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
