किसान के बेटे आरव सैनी ने NEET में रचा इतिहास, AIR 1579 और 648 अंकों के साथ रुड़की किया टॉप
मोहम्मदपुर पांडा के होनहार ने कठिन परिश्रम और लगन से हासिल की बड़ी सफलता, क्षेत्र में खुशी की लहर
कलियर(सुमित सैनी)। पिरान कलियर क्षेत्र के मोहम्मदपुर पांडा निवासी किसान परिवार के होनहार छात्र आरव सैनी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आरव ने 648 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1579 हासिल की है। साथ ही उन्होंने रुड़की क्षेत्र में शीर्ष स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

आरव की इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। साधारण किसान परिवार से आने वाले आरव ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। आरव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, सही रणनीति और निरंतर अभ्यास ने उन्हें यह सफलता दिलाई।आरव की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
