रुड़की (सुमित सैनी)। महानगर कांग्रेस कमेटी रुड़की ने गुरुवार को विद्युत विभाग में उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर डीजीएम कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने अघोषित बिजली कटौती, अधिकारियों की कार्यशैली और उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में लापरवाही का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता डीजीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि रुड़की शहर और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं है तथा बार-बार होने वाली अघोषित बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। कांग्रेस का आरोप है कि उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा रही है, जबकि आम उपभोक्ता बिजली के लिए परेशान हैं।कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा उपभोक्ताओं और जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते और समस्याओं के समाधान में रुचि नहीं लेते। इसे लेकर प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल और अधिकारियों के बीच वार्ता हुई, जिसमें पुलिस भी मौजूद रही। वार्ता के दौरान अधिशासी अभियंता ने अपने व्यवहार को लेकर क्षमा प्रार्थना की।कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अघोषित बिजली कटौती रोकने, जर्जर बिजली तारों को बदलने, उपभोक्ताओं के बिलों में अतिरिक्त सरचार्ज की समीक्षा करने तथा स्मार्ट मीटर जबरन न लगाने की मांग रखी। इस पर अधीक्षण अभियंता इंजीनियर विवेक राजपूत ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और किसी पर जबरदस्ती नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमित बिजली कटौती नहीं हो रही, बल्कि आवश्यकतानुसार शटडाउन लिया जाता है। साथ ही उन्होंने बिजली चोरी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो डीजीएम कार्यालय पर दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा और इस बार तालाबंदी भी की जाएगी। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट, पूर्व मेयर गौरव गोयल, वैभव सैनी, विकास त्यागी, लवी त्यागी, डीके त्यागी, संजय उर्फ गुड्डू, परवेज, गौरव प्रधान, नीरज सैनी, मुनफ़ेत अली, मेलाराम प्रजापति, यास्मीन खान, नवीन जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
