
धनौरी(सुमित सैनी)। बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने झिड़ियां और मनूबास गांव में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम के गांव पहुंचते ही हड़कंप मच गया। चेकिंग की भनक लगते ही कई लोगों ने अपने घरों से अवैध बिजली के तार हटाने शुरू कर दिए, लेकिन विजिलेंस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 22 घरों में बिजली चोरी पकड़ ली।

विभाग ने सभी संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बिजली चोरी के मामलों में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा। इस अभियान में विजिलेंस से इंस्पेक्टर मरुत शाह, सरिता शाह, एसआई संजीव त्यागी, एई (विजिलेंस) धनंजय कुमार, अनिल कुमार, एसडीओ अश्वनी कुमार तथा जेई योगेंद्र रावत सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अवैध रूप से बिजली का उपयोग न करें। बिजली चोरी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा।
