हरिद्वार (अनुज कुमार)। लगातार प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस पूरे जनपद में व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी। यह जानकारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

बालेश्वर सिंह ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर युवाओं से संवाद करेंगे तथा उन्हें पेपर लीक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों पर सरकार प्रभावी अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की मेहनत पर पानी फिर रहा है, जिससे उनमें निराशा और हताशा बढ़ रही है। कई युवा मानसिक दबाव में आकर आत्मघाती कदम तक उठा रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।

बालेश्वर सिंह ने कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए बनाए गए नकल विरोधी कानून भी अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द होने का उदाहरण देते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि शिक्षा देश के भविष्य की आधारशिला है, लेकिन वर्तमान में शिक्षा व्यवस्था पर माफियाओं का कब्जा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ गया है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की घटती संख्या शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर खतरे का संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण अधिकारों पर भी आघात कर रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।प्रेस वार्ता में सुनीता सिंह, विकास चंद्रा, कैलाश प्रधान, सत्यपाल शास्त्री, मोहन राणा, तीर्थपाल रवि, अशोक धींगान, यशवंत सैनी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
