रुड़की(सुमित सैनी)। उत्तराखंड की राजनीति में एक नए राजनीतिक दल की एंट्री हो गई है। रुड़की में आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान सोनिया शर्मा ने जन निर्माण पार्टी के गठन का औपचारिक ऐलान किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

जनसभा को संबोधित करते हुए सोनिया शर्मा ने कहा कि जन निर्माण पार्टी प्रदेश के आम लोगों की आवाज बनकर काम करेगी और विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से जनता जिन समस्याओं से जूझ रही है, उनका समाधान करने के लिए एक नए राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता थी, जिसे जन निर्माण पार्टी पूरा करने का प्रयास करेगी।

कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों और समर्थकों ने प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने तथा गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का संकल्प लिया। सभा में युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।
जन निर्माण पार्टी के गठन के साथ ही उत्तराखंड की राजनीतिक गतिविधियों में नई हलचल शुरू हो गई है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में यह नया दल प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने का प्रयास करेगा। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे आयोजन स्थल पर पार्टी के समर्थन में नारे गूंजते रहे।
