हरिद्वार(सुमित सैनी)। केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस ने सरकार की नीतियों और कार्यशैली को लेकर तीखा हमला बोला। हरिद्वार में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने मोदी सरकार के 12 वर्षों को “झूठ का पुलिंदा” बताते हुए कहा कि देश का युवा बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, जबकि भाजपा इसे विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष बताकर प्रचारित कर रही है।
आलोक शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश पर कर्ज कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था को कुछ बड़े उद्योगपतियों तक सीमित कर दिया गया है और करोड़ों रुपये के घोटालों के आरोपी देश छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उत्तराखंड में पलायन रोकने के लिए सरकार ने क्या ठोस कदम उठाए हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि भारत की वैश्विक स्थिति कमजोर हुई है और कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सरकार प्रभावी भूमिका निभाने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन लगातार सीमा क्षेत्रों में दबाव बना रहा है, जबकि केंद्र सरकार इस विषय पर स्पष्ट रुख नहीं अपना रही है।उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों अभ्यर्थियों की उम्मीदों को प्रभावित किया है। उन्होंने महिला सुरक्षा, किसानों की स्थिति और बढ़ती महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की।
राम मंदिर के चढ़ावे और उसके प्रबंधन से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए आलोक शर्मा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए और किसी भी प्रकार के आरोपों की गंभीरता से जांच करानी चाहिए।
आलोक शर्मा ने कहा कि देश केवल धार्मिक और सांप्रदायिक मुद्दों से नहीं चलता, बल्कि मजबूत अर्थव्यवस्था, सामाजिक समरसता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रभावी विदेश नीति से आगे बढ़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार से इन मूलभूत मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।
प्रेस वार्ता के दौरान सोम त्यागी, मनोज सैनी, राजबीर चौहान, रवीश भटीजा, मनोज जाटव, समर्थ अग्रवाल, मोहन राणा, सार्थक ठाकुर, सागर बेनीवाल तथा विशाल प्रधान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
