रुड़की। हरिद्वार रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शूरसैनी जागृति मिशन की ओर से आयोजित “सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह” में शिक्षा, खेल, संगीत एवं चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सेवानिवृत्त एडिशनल डायरेक्टर जनरल (एमईएस) राकेश सैनी ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करने से उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा और नई ऊंचाइयों को छूने की ललक पैदा होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होते हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय वीर पुंडीर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सुंदर एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की। वहीं डॉ. मोहित कुमार ने भी विद्यार्थियों को अपने अनुभव साझा करते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह की अध्यक्षता राज्यमंत्री आदेश सैनी तथा समिति अध्यक्ष सुंदर पाल सैनी ने की। कार्यक्रम का संचालन पंकज सैनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, खेल प्रतिभाओं, सिविल सेवा परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों तथा संगीत एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा शूरसेनी, महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्रीबाई फुले के चित्रों पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
पीसीएस परीक्षा में सफल प्रतिभाओं का सम्मान
हाल ही में पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले रायपुर निवासी निशू सैनी, रुड़की निवासी विशाल सैनी तथा साढ़ोली निवासी काजल सैनी के परिजनों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा ओलंपिक पदक विजेता शौर्य सैनी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

समारोह में सहारनपुर निवासी प्रसिद्ध गायक अंशुल सैनी ने अपने गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित छात्र-छात्राओं और अभिभावकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर सीए युद्धवीर सिंह सैनी, सुभाष सैनी, राजकुमार सैनी, प्रीतम सिंह सैनी, महेंद्र सिंह सैनी, संजय सैनी, केपी सिंह, शीलचंद सैनी, विनोद सैनी, शेखर सैनी, अमन सैनी, जितेंद्र सैनी, डॉ. रोहन सैनी, इंजीनियर प्रवीण सैनी, अशोक सैनी, इसम सिंह सैनी, भाजपा नेता राजेश सैनी, डॉ. जयपाल सिंह सैनी, बाबू हरपाल सिंह आर्य, राजीव सैनी, संदीप सैनी प्रधान हरियाणा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
