माजरी गांव की सड़कों पर फैला कच्ची ईंटों का मलबा, राहगीरों का चलना हुआ दूभर
भट्ठा मालिक की लापरवाही से वार्ड नंबर-3 के लोग परेशान, कई शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई

नगर पंचायत इमलीखेड़ा (सुमित सैनी)।नगर पंचायत केंद्रीय खेड़ा के वार्ड नंबर-3 स्थित माजरी गांव में भट्ठा मालिक द्वारा सड़कों के किनारे डाली जा रही टूटी कच्ची माटी की ईंटों से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि भट्ठे से निकला कच्ची ईंटों का मलबा सड़क किनारे डाल दिया जाता है, जो धीरे-धीरे पूरी सड़क पर फैल रहा है।

सड़क पर फैले मलबे और धूल-मिट्टी के कारण राहगीरों, बाइक सवारों और स्थानीय ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल होने से भी बाल-बाल बचे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में भट्ठा मालिक को कई बार शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि भट्ठा मालिक की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। ग्रामीणों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द सड़क से मलबा हटवाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

