
रुड़की (सुमित सैनी)। श्री सनातन धर्म प्रकाश चंद कन्या इंटर कॉलेज में इंटर एवं हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मेयर गौरव गोयल ने छात्राओं को सम्मानित करते हुए सैकड़ों छात्राओं को पाठ्य सामग्री भी वितरित की। इस दौरान गौरव गोयल ने कहा कि विद्यार्थी देश का उज्जवल भविष्य और राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने मेधावी छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट एवं प्रधानाचार्य श्रीमती रीनू सैनी ने कहा कि प्रतिभावान छात्राओं को सम्मानित करने से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलती है और उनमें आगे बढ़ने का उत्साह पैदा होता है।

कॉलेज अध्यक्ष अशोक कुमार, प्रबंधक रविंद्र सिंघल एवं उपप्रबंधक मुकेश गर्ग ने कहा कि छात्राओं की उपलब्धियां ही किसी शिक्षण संस्थान की असली पहचान होती हैं। उन्होंने पूर्व मेयर गौरव गोयल द्वारा छात्राओं को पाठ्य सामग्री वितरित करने और मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने पर उनका आभार जताया। इस अवसर पर कॉलेज परिवार की ओर से गौरव गोयल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में सुमैया, सोफिया, अलीना, अविका शर्मा, सोनम मलिक, खुशबू, सानिया, उमेमा परवीन, उर्वशी, रब्बी और वंशिका सहित कई मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

