
📍 रुड़की/मेवाड़ खुर्द(सुमित सैनी)
विकासखंड रुड़की के ग्राम मेवाड़ खुर्द में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गांव में पिछले करीब 15 दिनों से चेंबर निर्माण का कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक यह कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे पड़े निर्माण कार्य के कारण रास्ता बाधित हो गया है, जिससे आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को इस समस्या से अधिक जूझना पड़ रहा है।

शिकायतकर्ता विजेंद्र सैनी ने बताया कि गांव में विकास के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकतर विकास कार्य सिर्फ कागजों में ही पूरे दिखाए जाते हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान के खिलाफ कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

अब ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गांव में वास्तविक विकास कार्य हो सकें और आमजन को राहत मिल सके।
