भगवानपुर-हरिद्वार बाईपास पर सड़क के बीच खड़ा ट्रक, हादसे की आशंका
वी मार्क कंपनी के पास सुरक्षा इंतजाम नदारद, न बैरिकेडिंग और न चेतावनी संकेत; राहगीरों की सुरक्षा पर उठे सवाल
धनौरी (सुमित सैनी)। भगवानपुर-हरिद्वार बाईपास रोड पर वी मार्क कंपनी के पास सड़क के बीचों-बीच खड़ा एक ट्रक दुर्घटना का कारण बन सकता है। सड़क पर बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खड़े ट्रक के कारण वाहन चालकों के सामने खतरा बना हुआ है। मौके पर न तो बैरिकेडिंग दिखाई दी और न ही वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए चेतावनी संकेत नजर आए। ऐसे में संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, इन दिनों भगवानपुर-हरिद्वार बाईपास मार्ग पर विद्युत विभाग की ओर से भूमिगत विद्युत लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सड़क के किनारों पर खुदाई की जा रही है। खुदाई के कारण मिट्टी में वाहनों के फंसने और यातायात प्रभावित होने की स्थिति भी बन रही है।इसी बीच वी मार्क कंपनी के पास सड़क के बीचों-बीच एक ट्रक खड़ा दिखाई दिया। बताया गया कि मौके पर ट्रक का चालक भी मौजूद नहीं था। सड़क पर खड़े वाहन के आसपास किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या स्पष्ट चेतावनी संकेत नहीं होने से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए परेशानी की स्थिति बन सकती है।
विशेष रूप से रात के समय या कम दृश्यता की स्थिति में तेज गति से आने वाले वाहन चालकों को सड़क के बीच खड़ा ट्रक दिखाई देने में देरी हो सकती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुरक्षित बनाए रखना और सड़क पर पर्याप्त संकेतक लगाना आवश्यक है।
सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
सड़क के बीच ट्रक खड़ा होने और मौके पर सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आने से सवाल उठ रहा है कि संबंधित विभाग की ओर से यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या व्यवस्था की गई है। निर्माण कार्य में लगे संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों को चाहिए कि सड़क पर वाहनों की आवाजाही को सुरक्षित बनाए रखने के लिए उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें।
पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी है लेकिन उसके बावजूद भी किसी तरह की कोई विभागीय कार्यवाही नहीं की गई अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस स्थिति का संज्ञान लेकर ट्रक को हटवाने और सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाता है। फिलहाल, इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि किसी संभावित हादसे से बचा जा सके।
