इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोपी को कलियर पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने फोन कॉल, लोकेशन और मैन्युअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई, 25 सितंबर को हुई गिरफ्तारी
कलियर (सुमित सैनी)। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग को कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के माध्यम से संपर्क कर बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी फोन कॉल, लोकेशन ट्रेसिंग और मैन्युअल पुलिसिंग के आधार पर की गई। पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को ग्राम गांजा मजरा निवासी मुबारिक पुत्र सगीर ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया कि दानिश पुत्र शबी निवासी ग्राम गढ़ीपुख्ता, शामली (उत्तर प्रदेश) ने उनकी नाबालिग पुत्री से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के जरिए संपर्क किया और कथित तौर पर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तहरीर में नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में मु0अ0सं0 205/2026 के तहत धारा 137(2), 64(1) बीएनएस तथा धारा 3/4 पॉक्सो अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किया गया। नाबालिग को आवश्यक चिकित्सकीय उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई और विवेचना उपनिरीक्षक विशाखा राठौर को सौंपी गई। वहीं, प्रभारी निरीक्षक पिरान कलियर कमल मोहन भंडारी के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी की फोन कॉल डिटेल, लोकेशन तथा मैन्युअल पुलिसिंग के आधार पर तलाश शुरू की। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी दानिश पुत्र शबी, निवासी ग्राम गढ़ीपुख्ता, शामली, उत्तर प्रदेश, उम्र 18 वर्ष को 25 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, कोतवाली पिरान कलियर
- व0उ0नि0 नितिन चौहान, कोतवाली पिरान कलियर
- उपनिरीक्षक विशाखा राठौर, कोतवाली पिरान कलियर
- हेड कांस्टेबल 336 सोनू कुमार, कोतवाली पिरान कलियर
- कांस्टेबल आशीष शर्मा, CIU रुड़की
- होमगार्ड 4020 ललित कुमार, कोतवाली पिरान कलियर
