स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत हरिद्वार में युद्धस्तर पर सफाई अभियान जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने खानपुर के दल्लावाला से किया अभियान का शुभारंभ, गांव-गांव पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश
हरिद्वार (सुमित सैनी)। स्वच्छता को जनअभियान का रूप देने के उद्देश्य से हरिद्वार जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जिला पंचायत की ओर से व्यापक स्तर पर सफाई अभियान शुरू किया गया है। अभियान का शुभारंभ खानपुर क्षेत्र के दल्लावाला से जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने किया। इस दौरान जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, सफाईकर्मी और स्थानीय लोगों ने अभियान में सहभागिता करते हुए विभिन्न स्थानों पर सफाई की।
अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, रास्तों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने, खुले में कूड़ा नहीं डालने तथा कूड़े का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया।जिला पंचायत हरिद्वार के अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार बिश्नोई ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिला पंचायत स्तर पर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता का लक्ष्य केवल सरकारी स्तर पर चलाए जाने वाले अभियानों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाए तो गांवों और कस्बों को साफ-सुथरा बनाया जा सकता है।
गांव-गांव पहुंचाया जाएगा स्वच्छता का संदेश
जिला पंचायत की ओर से अभियान के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालें, खुले में गंदगी न फैलाएं और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में जिला पंचायत एवं स्थानीय प्रशासन का सहयोग करें।
अभियान के तहत निर्धारित क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई करने के साथ ही कूड़ा हटाने और आसपास के स्थानों को स्वच्छ बनाने का कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छता अभियान को किसी एक दिन या कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित गतिविधि के रूप में आगे बढ़ाने की जरूरत है।
जनभागीदारी से ही सफल होगा अभियान
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और स्वच्छ वातावरण के लिए सामूहिक प्रयास को बढ़ावा देना है। अभियान के दौरान लोगों को संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छता केवल किसी सरकारी विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला पंचायत अधिकारियों ने ग्रामीणों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की। आने वाले दिनों में जिला पंचायत की ओर से जिले के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी सफाई एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिला पंचायत की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।
