किसानों को मुफ्त बिजली-पानी और स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत रोजगार की मांग
किसान मजदूर संगठन सोसायटी ने मंगलौर विधायक काज़ी निजामुद्दीन को सौंपा मांग पत्र, विधानसभा में मुद्दे उठाने का आग्रह
मंगलौर (सुमित सैनी)। किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक काज़ी निजामुद्दीन से मुलाकात कर किसानों, मजदूरों और प्रदेश के युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मांग पत्र सौंपा। संगठन ने विधायक से मांगों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाने तथा सरकार के समक्ष रखने का आग्रह किया। मांग पत्र में प्रमुख रूप से उत्तराखंड के किसानों को सिंचाई के लिए निःशुल्क बिजली एवं पानी उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा प्रदेश में स्थापित सरकारी, अर्ध-सरकारी एवं निजी उद्योगों में कम से कम 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं एवं बेरोजगारों को रोजगार देने संबंधी शासनादेश को प्रभावी रूप से लागू कराने की मांग भी रखी गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड जल एवं जल-विद्युत संसाधनों से समृद्ध प्रदेश है। किसानों को सिंचाई के लिए बिजली और पानी की उचित सुविधा मिलने से कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। वहीं, प्रदेश में स्थापित उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने से बेरोजगारी और पलायन की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है। इस दौरान मंगलौर विधायक काज़ी निजामुद्दीन ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि मांग पत्र में उठाए गए मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और युवाओं से जुड़े विषयों को सरकार के समक्ष भी रखा जाएगा।
किसान मजदूर संगठन सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी एडवोकेट ने कहा कि संगठन किसानों, मजदूरों एवं युवाओं के अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से लगातार उठाता रहेगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सेट पाल ने कहा कि किसानों और युवाओं से जुड़े ये मुद्दे प्रदेश के विकास और भविष्य से सीधे जुड़े हुए हैं। संगठन इन मांगों को उचित मंच पर लगातार उठाता रहेगा और सरकार से सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा करता है।इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी एडवोकेट, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सेट पाल, राष्ट्रीय महासचिव चौधरी राजेंद्र, राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान, राष्ट्रीय संगठन मंत्री नवीन मारया, रामपाल, मोहम्मद इसरार, वेदपाल, सतीश चंद फौजी, राजेंद्र कुमार जेई, दिनेश कुमार पाल, धर्मेंद्र पाल, मुनेश पाल एवं नरेश पाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
