हरिद्वार के नगला ऐमाद में किसान दिवस आयोजित, नैनो यूरिया प्लस पर आधारित प्रक्षेत्र प्रदर्शन ने खींचा किसानों का ध्या
समाचार क्रान्ति इण्डिया (सुमित सैनी)। हरिद्वार जनपद के विकासखंड नारसन अंतर्गत ग्राम नगला ऐमाद में गेहूं की फसल पर नैनो यूरिया प्लस तरल आधारित प्रक्षेत्र प्रदर्शन के तहत किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 60 से अधिक किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ इफको रुड़की के क्षेत्र अधिकारी श्री प्रियांश दीक्षित द्वारा किसान भाइयों एवं अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में इफको की विभिन्न गतिविधियों एवं किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ग्राम नगला ऐमाद के प्रगतिशील किसान श्री आशीष कुमार के खेत पर गेहूं की फसल में नैनो यूरिया आधारित प्रक्षेत्र प्रदर्शन किया गया है। इस दौरान फोलियर स्प्रे (छिड़काव) के माध्यम से नैनो यूरिया का उपयोग किया गया, साथ ही पारंपरिक दानेदार यूरिया की केवल आधी मात्रा का प्रयोग किया गया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रदर्शन प्लॉट का अवलोकन कराया गया, जिसमें फसल की बढ़वार काफी संतोषजनक पाई गई और बेहतर उत्पादन की संभावना जताई गई।
इफको हरिद्वार के क्षेत्रीय अधिकारी श्री विनोद कुमार जोशी ने किसानों से अपील की कि वे रासायनिक उर्वरकों का अंधाधुंध प्रयोग न करें, बल्कि मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों का उपयोग करें। उन्होंने बताया कि नैनो एवं वैकल्पिक उर्वरकों के प्रयोग से मृदा स्वास्थ्य में सुधार, लागत में कमी और उत्पादन में वृद्धि संभव है।

मुख्य अतिथि डॉ. योगेंद्र पाल सैनी, वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र धनौरी ने किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं श्री विपिन कुमार (एडीओ) ने किसानों से सहकारी समितियों से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि सहकारिता आंदोलन को और मजबूती मिल सके।
सहायक कृषि अधिकारी (वर्ग-1) श्री वेद राम ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील किसान श्री मूल्हड़ सिंह ने की। उन्होंने टिकाऊ खेती के लिए किसानों से इफको के उत्पादों को अपनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर प्रगतिशील किसान श्री अजब सिंह, श्री प्रभुशरण सिंह, श्री सुभाष, श्री अवशेष सिंह सहित अनेक किसान उपस्थित रहे। साथ ही श्री हिमांशु कुमार (एमडीई, इफको नारसन, हरिद्वार) की भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता रही।
