प्राचीन शिव मंदिर में धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
स्वामी अतीश्वरानंद ने युवाओं से श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान, मंदिर समिति के सदस्यों का हुआ सम्मान
तिलकपुरी(सुमित सैनी)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ग्राम तिलकपुरी स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को धार्मिक उत्साह के साथ मनाया। पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के **मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी अतीश्वरानंद **रहे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके संघर्ष और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन समाज को सत्य, धर्म, कर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवाशक्ति सही दिशा में आगे बढ़े तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म को प्रधानता देते हुए कर्तव्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया, जिसे आज की युवा पीढ़ी को आत्मसात करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य अंकित कश्यप, ग्राम प्रधान आशीष कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील पमार, महामंत्री गुड्डू जी, सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक ज्ञान सिंह, नरेश कुमार, दीपेंद्र जी और साबा सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं ऋषिपाल कश्यप, जिला पंचायत पद के उम्मीदवार, ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजकों एवं ग्रामीणों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्राचीन शिव मंदिर समिति के सदस्यों को मुख्य अतिथि स्वामी अतीश्वरानंद जी द्वारा सम्मानित किया गया। मंदिर समिति द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और धार्मिक भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जस्सी स्पोर्ट्स एकेडमी, ग्राम तिलकपुरी के संस्थापक दीपक सैनी की ओर से एक नई समिति का गठन भी किया गया। समिति में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के साथ मिलकर सामाजिक कार्यों तथा युवाओं से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरा गांव भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों, मंदिर समिति के सदस्यों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
