धनौरी में चोरों का आतंक, एक माह में चार चोरी की वारदातों से दहशत

धनौरी(सुमित सैनी)। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है। बीते एक माह में धनौरी क्षेत्र में करीब चार स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस अभी पिछली चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं कर पाई थी कि देर रात अज्ञात चोरों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया।
जानकारी के अनुसार धनौरा गांव के मुख्य गेट के सामने स्थित मार्केट में एक हार्डवेयर की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकान की पिछली दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए और दुकान में रखी नकदी के साथ हजारों रुपये का हार्डवेयर सामान चोरी कर फरार हो गए।सुबह दुकान खोलने पहुंचे स्वामी को चोरी की जानकारी हुई तो आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों और व्यापारियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि एक के बाद एक वारदात होने के बावजूद चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस अधिकारियों से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
