कांवड़ सेवा शिविर में दूध-जलेबी का महाप्रसाद बना आकर्षण का केंद्र, राजा त्यागी व गौरव वत्स बोले— प्रेस क्लब की सेवा बेमिसाल
रुड़की। प्रेस क्लब रुड़की द्वारा प्रेस क्लब भवन में संचालित कांवड़ सेवा शिविर में गुरुवार को सेवा, समर्पण और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। शिवभक्त कांवड़ियों के लिए गर्मागर्म दूध और ताज़ी जलेबी के महाप्रसाद का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजकों के सेवा भाव की सराहना की।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजा त्यागी अपनी टीम के साथ शिवभक्तों को गर्मागर्म दूध का महाप्रसाद वितरित करते नजर आए। वहीं, प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं रुड़की हब सोशल मीडिया चैनल के अध्यक्ष गौरव वत्स ने अपनी टीम के साथ ताज़ी गर्मागर्म जलेबी का प्रसाद वितरित कर सेवा कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दूध और जलेबी का यह विशेष महाप्रसाद पूरे सेवा शिविर का प्रमुख आकर्षण बना रहा।
राजा त्यागी ने कहा कि रुड़की के पत्रकार केवल समाचारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक और धार्मिक सेवा कार्यों में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब रुड़की का कांवड़ सेवा शिविर आज शिवभक्तों के लिए सेवा का आदर्श केंद्र बन चुका है, जहां भोजन, चाय, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्नान, विश्राम सहित अनेक आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब का यह सेवा अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

गौरव वत्स ने कहा कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब रुड़की ने कांवड़ यात्रा के दौरान जिस अनुशासन, समर्पण और व्यवस्थित ढंग से सेवा शिविर का संचालन किया है, वह पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं धार्मिक सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग देने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दूध और गरमागरम जलेबी का महाप्रसाद ग्रहण कर प्रेस क्लब परिवार, राजा त्यागी, गौरव वत्स तथा सभी सहयोगियों के सेवा भाव की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
