रुड़की। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर रुड़की में प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। यात्रा मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़कों के किनारे खड़ी रेड़ियों, ठेलों तथा अस्थायी रूप से बनाई गई दुकानों को हटाया गया। नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन (पीला पंजा) की मदद से अतिक्रमण हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यात्रा मार्ग को पूरी तरह बाधामुक्त बनाया जा रहा है। प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
